नरेंद्रनगर पालिका चुनाव की प्रक्रिया पर उक्रांद का विरोध, बताया साजिश
देहरादून। नरेंद्रनगर नगर पालिका चुनाव में उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) द्वारा प्रत्याशी नहीं उतारे जाने के सवाल पर पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर प्रश्न खड़े किए हैं।

उन्होंने कहा कि 25 मई को शाम 6 बजकर 33 मिनट पर चुनाव आयोग की ओर से पत्र प्राप्त हुआ, जिसमें 27 मई को नामांकन की तिथि निर्धारित होने की जानकारी दी गई। कुकरेती के अनुसार पार्टी के पास आवश्यक दस्तावेज और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के लिए केवल एक दिन का समय था।
उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश के चुनावी इतिहास में यह संभवतः पहला अवसर है, जब किसी संभावित प्रत्याशी को नामांकन संबंधी कागजात तैयार करने के लिए 24 घंटे का समय भी नहीं मिला।
उक्रांद अध्यक्ष ने बताया कि इस संबंध में पार्टी ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर आपत्ति दर्ज कराई थी। उनका कहना है कि आयोग की ओर से जवाब मिला कि प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब इसमें कोई बदलाव संभव नहीं है।
कुकरेती ने आरोप लगाया कि यह पूरी प्रक्रिया एक सुनियोजित साजिश के तहत हुई है। उन्होंने कहा कि जनता और मीडिया को चुनाव आयोग से यह सवाल पूछना चाहिए कि इतनी कम अवधि में नामांकन की प्रक्रिया क्यों रखी गई और राजनीतिक दलों को पर्याप्त समय क्यों नहीं दिया गया।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए चुनाव कार्यक्रम निर्धारित करते समय सभी दलों को समान अवसर मिलना आवश्यक है।
