पौड़ी

आयुक्त ने जिला चिकित्सालय का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश

पौड़ी। गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने गुरुवार को जिला चिकित्सालय पौड़ी का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल प्रशासन को मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।


मंडलायुक्त ने केंद्रीय औषधि भंडार, बायोकेमिस्ट्री लैब, हेमेटोलॉजी लैब, हार्मोनल लैब, इंजेक्शन रूम, अल्ट्रासाउंड कक्ष, आईसीयू, एक्स-रे कक्ष और आपातकालीन सेवा इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सा उपकरणों और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से भी बातचीत कर उपचार और सुविधाओं की जानकारी ली। पुरुष सर्जिकल वार्ड में भर्ती मरीजों से संवाद कर अस्पताल की व्यवस्थाओं पर फीडबैक प्राप्त किया।
मंडलायुक्त ने अस्पताल में फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी अग्निशमन उपकरण हर समय कार्यशील स्थिति में रखे जाएं। साथ ही अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने तथा सीटी स्कैन कक्ष में क्षतिग्रस्त टाइल्स को शीघ्र बदलने के निर्देश दिए।
उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एल.डी. सेमवाल को अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों, मानव संसाधनों, उपकरणों और आवश्यकताओं की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा। मंडलायुक्त ने कहा कि रिपोर्ट के आधार पर स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *