डेंगू पर प्रशासन सख्त, फॉगिंग और जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश
पौड़ी। जनपद में डेंगू के संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि डेंगू नियंत्रण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित फॉगिंग, साफ-सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर पालिका पौड़ी, श्रीनगर, कोटद्वार और लक्ष्मणझूला जैसे उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित निकायों को फॉगिंग मशीनों को पूरी तरह क्रियाशील रखने तथा निर्धारित अंतराल पर फॉगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही वर्षाकाल में जलभराव रोकने और सड़कों के गड्ढों को समयबद्ध तरीके से भरने के लिए भी कहा।
उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों को डेंगू के लक्षणों, कारणों और बचाव के उपायों की जानकारी दी जाए। विद्यार्थियों के माध्यम से अभिभावकों और स्थानीय समुदाय तक भी जागरूकता संदेश पहुंचाने पर बल दिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि डेंगू की रोकथाम में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। लोगों को अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने देने तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए लगातार प्रेरित किया जाना चाहिए।
बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने बताया कि मई माह से अब तक 49,772 घरों में सोर्स रिडक्शन अभियान चलाया गया है, जिसके माध्यम से 2,87,449 लोगों तक पहुंच बनाई गई। उन्होंने बताया कि मई माह में 2,146 लोगों के रैपिड एवं एलाइजा टेस्ट कराए गए, जिनकी सभी रिपोर्ट नेगेटिव आई हैं।
स्वास्थ्य विभाग की आशा कार्यकर्ता, एएनएम और अन्य टीमें लगातार घर-घर जाकर पानी जमा होने वाले स्थानों की जांच कर रही हैं तथा लोगों को डेंगू से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक कर रही हैं।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला सहित स्वास्थ्य, शिक्षा एवं नगर निकायों के अधिकारी उपस्थित रहे।
