सार्वजनिक स्थानों पर सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीनें स्थापित, महिलाओं को मिलेगी त्वरित सुविधा
पौड़ी। महिलाओं एवं किशोरियों की स्वास्थ्य सुरक्षा और मासिक धर्म स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बाल विकास विभाग ने जनपद में सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीनें स्थापित करने की पहल शुरू कर दी है। प्रथम चरण में कलेक्ट्रेट परिसर, विकास भवन और बस स्टेशन पौड़ी में वेंडिंग मशीनें लगाई गई हैं, जिससे इन स्थानों पर आने वाली महिलाओं और छात्राओं को आवश्यकता पड़ने पर आसानी से सैनिटरी पैड उपलब्ध हो सकेंगे।

इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को सम्मानजनक और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। वेंडिंग मशीनों के माध्यम से अब महिलाओं को आपात स्थिति में सैनिटरी पैड की उपलब्धता के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
बाल विकास विभाग द्वारा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत कलेक्ट्रेट परिसर और बस अड्डे में नर्सिंग रूम स्थापित करने की भी योजना बनाई गई है। इन कक्षों में महिलाओं को अपने शिशुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण में स्तनपान कराने की सुविधा मिलेगी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि कलेक्ट्रेट, विकास भवन और बस स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थलों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएं और किशोरियां आती हैं। कई बार आवश्यक सामग्री उपलब्ध न होने से उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ता है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए इन स्थानों पर वेंडिंग मशीनें स्थापित की गई हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में तीन स्थानों पर यह सुविधा शुरू की गई है तथा भविष्य में अस्पतालों, विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य सार्वजनिक संस्थानों में भी सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीनें स्थापित करने की योजना है। इसके साथ ही मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीनों की स्थापना महिलाओं को सार्वजनिक स्थानों पर बेहतर और सम्मानजनक सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जनपद में महिलाओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण विकसित करने हेतु प्रशासन लगातार प्रयासरत है और भविष्य में इस सुविधा का विस्तार अन्य सार्वजनिक स्थलों तक भी किया जाएगा।
