पौड़ी

पणखेत में बहुउद्देशीय शिविर का शुभारंभ, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने गिनाई विकास योजनाएं

19 दिव्यांगों को मिले प्रमाण पत्र, शिकायत काउंटर पर पहुंचे 113 प्रार्थना पत्र

पौड़ी। चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विकासखंड एकेश्वर के पणखेत में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर आयोजित बहुउद्देशीय शिविर का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र में पिछले नौ वर्षों में हुए विकास कार्यों और स्वीकृत योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में व्यापक कार्य किए गए हैं।

 

सतपाल महाराज ने बताया कि भूम्या डांडा तथा ज्वाल्पा देवी ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजनाओं के लिए 44 करोड़ 18 लाख रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है, जिससे विकासखंड के 24 गांवों और तोकों को पेयजल सुविधा का लाभ मिलेगा। जल जीवन मिशन के तहत पेयजल निगम द्वारा 31 करोड़ 64 लाख रुपये से अधिक की योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है, जिनमें 75 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं जल संस्थान द्वारा भी विभिन्न योजनाओं पर 14 करोड़ 67 लाख रुपये से अधिक की लागत से कार्य संचालित हैं।

उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग के तहत स्वीकृत 12 मोटर मार्गों में से 10 का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि दो मार्गों पर कार्य जारी है। ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा स्वीकृत पांच मोटर मार्गों में से चार पूर्ण हो चुके हैं और एक मार्ग पर कार्य प्रगति पर है। ग्राम्य विकास विभाग के माध्यम से 71 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 14 मोटर मार्गों का निर्माण, सुधारीकरण एवं डामरीकरण किया गया है।

मंत्री ने बताया कि क्षेत्र में पंचायत भवनों के निर्माण, बाढ़ सुरक्षा कार्यों, सिंचाई योजनाओं, विद्यालयों की मरम्मत और आधारभूत सुविधाओं के विकास पर भी करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं। सतपुली से ज्वालपा पुल तक राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का कार्य भी पूरा किया गया है। महिला मंगल दलों और युवक मंगल दलों को स्वावलंबन एवं स्वास्थ्य संवर्द्धन के लिए 21 लाख रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि वितरित की गई है।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा जनसमस्याओं के समाधान हेतु स्टॉल लगाए गए। शिकायत काउंटर पर कुल 58 शिकायतें और 55 मांग पत्र प्राप्त हुए। अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा गया।

 

इस दौरान 19 दिव्यांगजनों को दिव्यांग प्रमाण पत्र वितरित किए गए। स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, समाज कल्याण, विद्युत और जल संस्थान सहित विभिन्न विभागों ने योजनाओं की जानकारी एवं लाभार्थी सेवाएं उपलब्ध कराईं। संस्कृति विभाग और स्थानीय कलाकारों द्वारा गढ़वाली लोकगीत, लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष आरती नेगी, जिला पंचायत सदस्य दीपिका ईष्टवाल, ब्लॉक प्रमुख पंकज बिष्ट, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, खंड विकास अधिकारी सौरभ हांडा, पूर्व मंत्री अमृता रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *