देहरादून

दुष्यंत गौतम और अजय कुमार के विरोध में प्रदर्शन, राजपुर रोड पर लगाया सांकेतिक जाम

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर न्याय की मांग कर रहे लोगों ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम के देहरादून आगमन का विरोध करते हुए गांधी पार्क के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व अंकिता भंडारी न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच ने किया।

प्रदर्शनकारी उस होटल की ओर कूच करने का प्रयास कर रहे थे, जहां दुष्यंत गौतम के ठहरने की सूचना थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके विरोध में प्रदर्शनकारी राजपुर रोड पर बैठ गए और सांकेतिक जाम लगा दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में दुष्यंत गौतम और अजय कुमार के नाम सार्वजनिक चर्चाओं में आने के बावजूद अब तक उनसे कोई पूछताछ नहीं हुई है। उन्होंने मांग की कि सीबीआई जांच पूरी होने तक दोनों नेताओं को उनके पदों से हटाया जाए।

सभा को संबोधित करते हुए निर्मला बिष्ट ने कहा कि यदि राज्य की जनता इन दोनों नेताओं को मामले से जुड़ा मान रही है तो सरकार उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां क्यों दे रही है। कमला पंत ने आरोप लगाया कि अंकिता मामले में सीबीआई की कार्रवाई अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ रही है। वहीं सुजाता पॉल ने सरकार की भूमिका पर सवाल उठाते हुए मामले में पारदर्शिता की मांग की।

त्रिलोचन भट्ट ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने के लिए जनआंदोलन जारी रहेगा, जबकि ब्रिगेडियर सर्वेश डंगवाल ने चेतावनी दी कि जब तक मामले में न्याय नहीं मिलता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि राज्यभर में विरोध प्रदर्शनों के बाद दुष्यंत गौतम लंबे समय तक उत्तराखंड में सक्रिय नहीं दिखे, लेकिन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे के दौरान उनकी सक्रियता फिर बढ़ी है। इसे लेकर भी लोगों में नाराजगी है।

होटल की ओर बढ़ने के प्रयास के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए और सांकेतिक जाम लगाया।

संघर्ष मंच ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा तथा बड़े स्तर पर जनआंदोलन चलाया जाएगा।

प्रदर्शन में कमला पंत, निर्मला बिष्ट, विमला कोली, उमा भट्ट, मोहित डिमरी, तुषार रावत, हरिओम पाली, सुजाता पॉल, त्रिलोचन भट्ट, ब्रिगेडियर सर्वेश डंगवाल, ईश्वर पाल शर्मा, पंकज क्षेत्री, प्रो. राघवेन्द्र, शकुंतला और माहेश्वरी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *