अंतर्राष्ट्रीय मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर जिलेभर में जागरुकता अभियान
500 से अधिक किशोरियों को निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन वितरित, स्वास्थ्य व स्वच्छता के प्रति किया जागरुक
पौड़ी। अंतर्राष्ट्रीय मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के अवसर पर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा जनपद पौड़ी गढ़वाल के सभी विकासखंडों में व्यापक जागरुकता अभियान चलाया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत किशोरियों एवं महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा प्रजनन स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

अभियान के अंतर्गत 500 से अधिक किशोरियों को निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन वितरित किए गए। साथ ही सैनिटरी नैपकिन के सुरक्षित एवं स्वच्छ उपयोग, उचित निस्तारण तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।
जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि जनपद के सभी विकासखंडों में यह विशेष जागरुकता कार्यक्रम संचालित किया गया। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा पूर्व में भी विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें स्थापित करायी जा रही हैं, ताकि किशोरियों एवं महिलाओं को आवश्यक सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष 28 मई को अंतर्राष्ट्रीय मासिक धर्म स्वच्छता दिवस मनाया जाता है। यह दिन महिलाओं के औसत 28 दिवसीय मासिक धर्म चक्र और लगभग पांच दिनों की मासिक अवधि का प्रतीक माना जाता है। कार्यक्रमों में किशोरियों को यह संदेश दिया गया कि मासिक धर्म एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, जिसे लेकर जागरुकता, स्वच्छता और सही जानकारी अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि ऐसे जागरुकता कार्यक्रम महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और सम्मानजनक जीवनशैली को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
