पौड़ी

राशन कार्ड सत्यापन में बड़ी कार्रवाई, पौड़ी में 7,254 अपात्र कार्ड निरस्त

28 हजार से अधिक यूनिट हटाई गईं, पात्र लाभार्थियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ

पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में राशन कार्डों के सत्यापन अभियान के तहत खाद्य विभाग ने अपात्र लाभार्थियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 7,254 राशन कार्ड निरस्त कर दिए हैं। इन निरस्त कार्डों से संबंधित 28,087 यूनिट भी हटाई गई हैं। अभियान जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में लगातार चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य वास्तविक जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि फरवरी 2026 तक चले अभियान में 6,151 राशन कार्ड निरस्त किए गए थे, जिनमें 23,337 यूनिट शामिल थीं। वहीं 28 अप्रैल 2026 से शुरू किए गए नवीन सर्वे में अब तक 1,103 अतिरिक्त राशन कार्ड निरस्त किए जा चुके हैं, जिनसे संबंधित 4,750 यूनिट हटाई गई हैं।

कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में भी बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई है। यहां फरवरी 2026 तक 2,390 राशन कार्ड निरस्त किए गए थे, जिनमें 10,667 यूनिट शामिल थीं। नवीन सर्वे के दौरान 576 और राशन कार्ड निरस्त किए गए, जिनसे संबंधित 2,530 यूनिट हटाई गईं। इस प्रकार कोटद्वार क्षेत्र में कुल 2,966 राशन कार्ड तथा 13,197 यूनिट निरस्त हो चुकी हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपदभर में अंत्योदय अन्न योजना के 559 कार्ड, प्राथमिक परिवार योजना के 3,814 कार्ड तथा राज्य खाद्य योजना के 2,881 कार्ड निरस्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा और अपात्र व्यक्तियों को योजना से बाहर कर पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने आमजन से अपील की कि राशन कार्ड से संबंधित जानकारी सही रखें तथा सत्यापन कार्य में विभाग का सहयोग करें, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *