पौड़ी

कोटद्वार में अतिक्रमण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 50 मीटर तारबाड़ हटाई

सार्वजनिक भूमि को कराया अतिक्रमण मुक्त, भविष्य में भी सख्ती के संकेत

कोटद्वार/पौड़ी गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कोटद्वार क्षेत्र के वार्ड नंबर-20 पदमपुर सुखरौं स्थित जनशक्ति विहार लेन-2 में लगभग 50 मीटर क्षेत्र में की गई अवैध तारबाड़ को हटाकर सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।

नगर निगम, राजस्व विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।

उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार ने बताया कि मीनाक्षी चमोली एवं अन्य स्थानीय निवासियों द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने एंगल लगाकर सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण कर लिया है, जिससे आम लोगों के आवागमन में परेशानी हो रही थी। शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने तत्काल संयुक्त टीम गठित कर मौके पर कार्रवाई सुनिश्चित की।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजकीय भूमि, सार्वजनिक रास्तों और आमजन के उपयोग वाले मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *