पोखड़ा में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन, मंत्री सतपाल महाराज ने दी करोड़ों की योजनाओं की सौगात
पोखड़ा/पौड़ी गढ़वाल। चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पोखड़ा विकासखंड मुख्यालय में आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर बहुउद्देशीय शिविर एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सतपाल महाराज ने किया। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा मौके पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान किया गया। शिविर में 20 दिव्यांगों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए, जबकि 150 मरीजों की स्वास्थ्य जांच भी की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में अभूतपूर्व विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में पेयजल, सड़क, सिंचाई, पर्यटन, शिक्षा और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में व्यापक कार्य किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि बरसुंडा देवता ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना के लिए 29 करोड़ 83 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे 40 गांवों एवं तोकों को लाभ मिलेगा। योजना का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं जल जीवन मिशन के तहत 44 गांवों के लिए 29 करोड़ 60 लाख 80 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें अधिकांश योजनाएं पूरी हो चुकी हैं। पेयजल निगम द्वारा 7 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से 31 गांवों में पेयजल सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
महाराज ने बताया कि विकासखंड में 23 ग्राम पंचायत भवनों का निर्माण दो करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से कराया गया है, जबकि 21 पंचायत भवनों के मरम्मत कार्यों के लिए 84 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत विभिन्न मोटर मार्गों के निर्माण, सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्यों के लिए 22 करोड़ 35 लाख 53 हजार रुपये स्वीकृत किए गए, जिनमें अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि जिला योजना के अंतर्गत 20 योजनाओं पर 3 करोड़ 58 लाख रुपये व्यय किए गए हैं। एसडीआरएफ मद से 36 योजनाओं के लिए 1 करोड़ 71 लाख 81 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा तीन मोटर मार्गों का निर्माण 4 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से कराया गया है। बिजोरापानी-कुंजखाल-कोलाखाल मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण पर सीआरआईएफ मद से 7 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के लिए चौबट्टाखाल में 24 बेड वाले पर्यटक आवास गृह का निर्माण 3 करोड़ 8 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है, जो शीघ्र पूर्ण होने वाला है। पोखड़ा विकासखंड में पर्यटन से जुड़ी अन्य योजनाओं पर भी 70 लाख रुपये व्यय किए गए हैं। सिंचाई विभाग के अंतर्गत 34 योजनाओं के लिए 4 करोड़ 19 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जबकि लघु सिंचाई विभाग द्वारा 42 योजनाओं पर 3 करोड़ 14 लाख रुपये व्यय किए गए हैं। देवराड़ी मल्ली में 1 करोड़ 36 लाख 94 हजार रुपये की लागत से लिफ्ट सिंचाई योजना का कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालयों की चारदीवारी, भवन निर्माण एवं शौचालय निर्माण के लिए 3 करोड़ 86 लाख 71 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। राजकीय डिग्री कॉलेज चौबट्टाखाल में बहुउद्देशीय हॉल एवं पुस्तकालय भवन निर्माण हेतु 2 करोड़ 90 लाख 75 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। महिला मंगल दलों एवं युवक मंगल दलों को विभिन्न योजनाओं के तहत 30 लाख रुपये से अधिक की सहायता दी गई है। पोखड़ा में मिनी स्टेडियम का निर्माण 1 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से कराया गया है तथा इसके विस्तार के लिए 50 लाख रुपये अतिरिक्त स्वीकृत किए गए हैं।
बहुउद्देशीय शिविर के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोक गायिका पूनम सती, महिमा उनियाल, लोक गायक सौरव मैठाणी, चक्रव्यूह महाभारत (अभिमन्यु लीला) ब्रह्म कमल सांस्कृतिक दल, देव क्रिएशन ग्रुप, स्थानीय कलाकार श्यामलाल एवं सोनिया ने शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री अमृता रावत, ब्लॉक प्रमुख संजय गुसाईं, भाजपा युवा नेता सुरेश रावत, मोहिना रावत, जिला पंचायत सदस्य बलवंत सिंह, विधायक प्रतिनिधि प्रभु शरण बुडाकोटी, बीकेटीसी सदस्य नीलम पुरी, भाजपा जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
