वन क्षेत्रों में आग लगाने के आरोप में दो गिरफ्तार
कल्जीखाल/पौड़ी। जनपद में वनाग्नि की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिविल सोयम वन प्रभाग की सतपुली रेंज अंतर्गत कल्जीखाल क्षेत्र में आग लगाने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

वन विभाग की कार्रवाई के दौरान ग्राम फल्दा निवासी पवन कुमार और महेन्द्र सिंह को हिरासत में लिया गया। दोनों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता एवं भारतीय वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
डीएफओ सिविल सोयम पवन नेगी ने बताया कि जंगलों में आग लगाने वालों के खिलाफ विभाग की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि वनाग्नि की किसी भी घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दें और जंगलों को आग से बचाने में सहयोग करें।
