पौड़ी

कोटद्वार में पेयजल संकट पर प्रशासन सख्त, उपजिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

कोटद्वार/पौड़ी, 27 मई 2026। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशों के क्रम में जनपद की सभी तहसीलों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में कोटद्वार में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में जल संस्थान के सहायक अभियंताओं के साथ बैठक आयोजित कर पेयजल समस्याओं की समीक्षा की गई।

बैठक में क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षकों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों की स्थलीय सत्यापन रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिसमें कई स्थानों पर पेयजल आपूर्ति संबंधी समस्याएं सामने आईं। रिपोर्ट के अनुसार गाड़ीघाट स्थित गिंवई स्रोत पीडब्ल्यूडी कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति बाधित पाई गई। वहीं पनियाली, सिताबपुर, लालपुर तथा पदमपुर सुखरो क्षेत्रों में पानी का दबाव कम होने और केवल सुबह के समय सीमित जलापूर्ति होने की जानकारी मिली।

इसके अतिरिक्त उमरावपुर एवं जशोधरपुर किशनपुर सहित कुछ अन्य क्षेत्रों में भी कई परिवार पेयजल संकट से प्रभावित पाए गए। बैठक में सहायक अभियंताओं ने बताया कि गिंवई स्रोत में मोटर खराब होने के कारण जलापूर्ति प्रभावित हुई थी, जिसे मरम्मत कर पुनः सुचारू कर दिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि कुछ वार्डों में जलस्तर कम होने के कारण भूतल तक ही पानी पहुंच पा रहा है, जबकि दबाव कम होने से प्रथम मंजिल तक आपूर्ति नहीं हो रही है। साथ ही उमरावपुर तथा जशोधरपुर में ट्यूबवेल निर्माण कार्य प्रगति पर होने की जानकारी भी दी गई।

प्रशासन द्वारा बताया गया कि अधिकांश क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सामान्य रूप से संचालित की जा रही है। जिन दूरस्थ घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है, वहां टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

उपजिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल आपूर्ति में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में सहायक अभियंता बृजमोहन रावत, देवकी नंदन, किरण कुमार, त्रिभुवन गंसाई एवं शूरवीर सिंह चौहान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *