पौड़ी

पौड़ी में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर कार्मिकों को दिया गया प्रशिक्षण

पौड़ी। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर जिला संपर्क केंद्र, सहायता केंद्र एवं नियंत्रण कक्ष में तैनात कार्मिकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। एनआईसी कक्ष में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह ने कार्मिकों को कार्यक्रम से संबंधित आवश्यक जानकारियां दीं।

उन्होंने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए जिला स्तर एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी स्तर पर सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से मतदाताओं को कार्यक्रम की समय-सीमा, पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाताओं को गणना एवं नामावली प्रपत्र ऑनलाइन और ऑफलाइन भरने तथा जमा करने में सहायता भी दी जा रही है। साथ ही पूर्व विशेष गहन पुनरीक्षण अभिलेखों से मतदाताओं की खोज एवं अभिलेख जोड़ने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

उन्होंने कहा कि प्रवासी मतदाताओं को उनके वर्तमान एवं पूर्व विधानसभा क्षेत्रों की पहचान कर सही स्थान पर पंजीकरण कराने में भी सहायता केंद्रों के माध्यम से सहयोग किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त निर्वाचन आयोग की हेल्पलाइन 1950 तथा ईसीआईनेट मोबाइल ऐप की जानकारी भी मतदाताओं तक पहुंचाई जा रही है।

कार्यक्रम में जिला संपर्क केंद्र-1950 एवं नियंत्रण कक्ष प्रभारी राजेश कोहली, मदन सेमवाल, राजेंद्र सिंह सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *