मेवाड़ गांव के जंगलों में भीषण आग, प्रशासनिक दावों पर उठे सवाल
द्वारीखाल, 26 मई। पुल्यासू ग्राम पंचायत के मेवाड़ गांव के जंगलों में मंगलवार शाम अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने जंगल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार आग देर शाम जंगलों में तेजी से फैलती रही। तेज हवाओं और सूखी वनस्पतियों के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन को सूचना देने के बावजूद समय पर प्रभावी कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताई।

ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष गर्मियों के मौसम में जंगलों में आग की घटनाएं सामने आती हैं, लेकिन बनाग्नि रोकने के लिए शासन-प्रशासन के दावे धरातल पर कमजोर साबित होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि समय रहते प्रभावी रोकथाम और निगरानी व्यवस्था नहीं होने से जंगलों के साथ पर्यावरण और वन्यजीवों को भारी नुकसान पहुंच रहा है।
आग लगने से आसपास के क्षेत्रों में धुआं फैल गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत एवं आग बुझाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
