निराश्रित गोवंश पर सख्त हुई पालिका, सीसीटीवी से होगी निगरानी
पौड़ी। जिला सूचना कार्यालय पौड़ी गढ़वाल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पौड़ी शहर में निराश्रित गोवंश की समस्या को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जनता मिलन कार्यक्रम में नागरिकों द्वारा उठाई गई शिकायतों के बाद जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने नगर पालिका को तत्काल अभियान चलाने के निर्देश दिए।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में नगर पालिका द्वारा अभियान चलाकर 12 निराश्रित गोवंशों को सुरक्षित रूप से कांजी हाउस पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि शहर में नियमित रूप से अभियान चलाया जा रहा है ताकि सड़कों पर घूम रहे गोवंशों से आम जनता को राहत मिल सके।
उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर टैग लगे गोवंशों को भी जानबूझकर सड़कों पर छोड़े जाने की शिकायतें सामने आई हैं। अब ऐसे लोगों की पहचान सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के अनुसार शहर के बाजारों और मुख्य मार्गों पर निराश्रित गोवंशों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था तथा दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी। इसी को देखते हुए अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि निराश्रित गोवंश की समस्या को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने नगर पालिका को नियमित अभियान चलाकर गोवंशों को कांजी हाउस भेजने के निर्देश दिए हैं। साथ ही टैग लगे गोवंशों को सड़कों पर छोड़ने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा
