उक्रांद अपने दम पर लड़ेगा चुनाव, राष्ट्रीय दलों से नहीं होगा गठबंधन : डॉ. शक्तिशैल कपरवाण
कोटद्वार/पौड़ी। उत्तराखंड क्रांति दल के वरिष्ठ नेता डॉ. शक्तिशैल कपरवाण ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल आगामी चुनाव अपने दम पर लड़ेगा तथा किसी भी राष्ट्रीय दल के साथ कोई समझौता या गठबंधन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उक्रांद प्रदेश में एक मजबूत क्षेत्रीय राजनीतिक शक्ति के रूप में उभर रहा है।

डॉ. कपरवाण ने कहा कि उत्तराखंड की अपनी अलग क्षेत्रीय पहचान, संस्कृति, परंपराएं और लोक जीवन है, जिसकी रक्षा और विकास के लिए क्षेत्रीय दल की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण आंदोलन की मूल भावना को मजबूत करने का कार्य केवल उत्तराखंड क्रांति दल ही कर सकता है।
उन्होंने कहा कि उक्रांद हमेशा से राज्यहित, रोजगार, पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्थानीय संसाधनों पर अधिकार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाता रहा है। प्रदेश की जनता अब राष्ट्रीय दलों की नीतियों से निराश होकर क्षेत्रीय विकल्प की ओर देख रही है।
डॉ. कपरवाण ने कहा कि “पहचान हमारी, भविष्य हमारा” केवल एक नारा नहीं बल्कि उत्तराखंड की अस्मिता और स्वाभिमान की आवाज है। उन्होंने कहा कि “उत्तराखंड का स्वाभिमान, यूकेडी अभिमान” के संकल्प के साथ पार्टी जनता के बीच लगातार कार्य कर रही है।
