पौड़ी

अल्केश्वर घाट के विकास कार्यों का कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया निरीक्षण

श्रीनगर। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने रविवार को श्रीनगर स्थित अल्केश्वर घाट पहुंचकर निर्माणाधीन विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अल्केश्वर घाट धार्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है। यहां विकसित की जा रही सुविधाओं से स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के विकास के साथ-साथ जनसुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जिससे क्षेत्रीय विकास को भी गति मिल रही है।

इसके उपरांत कैबिनेट मंत्री ने खिर्सू क्षेत्र के ग्राम प्रहरियों की बैठक लेकर गांवों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त एवं अपराध मुक्त समाज के निर्माण में ग्राम स्तर पर जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। युवाओं को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करने, जागरूकता अभियान चलाने तथा सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में ग्राम प्रहरियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही सुरक्षित, स्वच्छ एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने ग्राम प्रहरियों से गांव स्तर पर लोगों को जागरूक करने तथा सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने की अपील की।

वहीं कैबिनेट मंत्री ने टैक्सी एसोसिएशन श्रीनगर के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर परिवहन व्यवस्था एवं टैक्सी संचालकों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस दौरान टैक्सी संचालकों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव मंत्री के समक्ष रखे।

कैबिनेट मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि क्षेत्र में सुगम एवं सुरक्षित परिवहन व्यवस्था बनाए रखने में टैक्सी संचालकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार आमजन एवं वाहन संचालकों के हितों की सुरक्षा तथा परिवहन सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, टैक्सी यूनियन के पदाधिकारी एवं ग्राम प्रहरी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *