पौड़ी

चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन सतर्क, एसडीएम श्रीनगर ने किया यात्रा मार्ग और पार्किंग स्थलों का निरीक्षण

श्रीनगर। चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशों के अनुपालन में उपजिलाधिकारी श्रीनगर ने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के संयुक्त दल के साथ सिरोबगड़ से लेकर एनआईटी मैदान तक यात्रा मार्ग एवं पार्किंग स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।

संयुक्त दल ने सिरोबगड़, गोवा बीच, धारी देवी मंदिर, फरासू, स्वीत, पॉलिटेक्निक हॉल, आवास विकास मैदान तथा एनआईटी मैदान का निरीक्षण कर यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सिरोबगड़ में एसडीएम ने सड़क की स्थिति, सुरक्षा इंतजामों तथा यातायात संचालन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इसके बाद अधिकारियों ने गोवा बीच, धारी और फरासू क्षेत्रों में तीर्थयात्रियों के लिए पेयजल, स्वच्छता एवं सार्वजनिक शौचालयों की उपलब्धता की जांच की। स्वीत क्षेत्र में भी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित कार्मिकों को यात्रियों की सुविधा के लिए हर समय सतर्क एवं मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए।

चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए प्रशासन द्वारा चिन्हित पार्किंग स्थलों का भी विशेष निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने पॉलिटेक्निक हॉल, आवास विकास मैदान एवं एनआईटी मैदान की पार्किंग क्षमता, वाहनों की आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन की समीक्षा की। साथ ही निर्देश दिए कि पार्किंग स्थलों पर नियमित पानी का छिड़काव कराया जाए, ताकि धूल की समस्या न हो तथा रात्रिकालीन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पर्याप्त पथ प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

एसडीएम श्रीनगर ने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग, पार्किंग स्थलों, यातायात प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर, तहसीलदार दीपक भंडारी, थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *