पौड़ी

पीएम-जनमन अभियान के तहत बोक्सा बाहुल्य क्षेत्र में लगा बहुउद्देशीय शिविर

कोटद्वार। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) योजना एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत चलाए जा रहे “जनभागीदारी–सबसे दूर, सबसे पहले” जागरूकता अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को कोटद्वार तहसील के बोक्सा जनजाति बाहुल्य क्षेत्र शिवराजपुर में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन राजकीय प्राथमिक विद्यालय शिवराजपुर में किया गया, जहां विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया गया।

छात्रावास अधीक्षक एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी पंकज देवली ने बताया कि शिविर में बोक्सा जनजाति के दो लोगों को नए विद्युत कनेक्शन प्रदान किए गए। बाल विकास विभाग की योजनाओं के तहत एक गर्भवती महिला का पंजीकरण तथा एक लाभार्थी का नंदा गौरा योजना में पंजीकरण किया गया। इसके अलावा पांच नए आधार कार्ड बनाए गए और तीन आधार कार्ड अपडेट किए गए।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से 36 लोगों को दवाएं वितरित की गईं। वहीं टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 40 लोगों की स्क्रीनिंग, 15 लोगों के एक्स-रे तथा 10 लोगों के थूक के नमूने लिए गए।

पंकज देवली ने बताया कि शिवराजपुर, जसोधरपुर, हल्दूखाता, लक्ष्मणपुर और लुथापुर वार्डों के पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर लिया गया है। आगामी 25 मई को हल्दूखाता मल्ला में भी बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया जाएगा।

मेयर नगर निगम कोटद्वार शैलेन्द्र रावत ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे।

इस अवसर पर सहायक समाज कल्याण अधिकारी संजीव पाल, दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के नोडल अधिकारी धर्मेंद्र पंवार, उद्योग विभाग से देवेंद्र रावत, लाभार्थी हरि सिंह, कैलाश सिंह, इंद्रमोहन, मंजू देवी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *