पौड़ी

विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपादित करें : डीएम

पौड़ी। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर बीएलए-1 एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम को पारदर्शी, समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से संपादित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रह करेंगे। इस दौरान मतदाताओं को प्रपत्र भरने संबंधी जानकारी भी दी जाएगी। यदि किसी घर पर ताला बंद मिलता है तो बीएलओ वहां प्रपत्र छोड़ेंगे तथा संबंधित परिवार से संपर्क स्थापित करने के लिए तीन बार भ्रमण करेंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के कुल 5 लाख 54 हजार 827 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जाएंगे। वर्तमान निर्वाचक नामावली में जिन पात्र व्यक्तियों का नाम दर्ज नहीं है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकेंगे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि गणना चरण में किसी भी मतदाता से दस्तावेज एकत्र नहीं किए जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर बाद की प्रक्रिया में संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा नोटिस जारी कर दस्तावेज प्राप्त किए जाएंगे।

बैठक में बताया गया कि यदि कोई मतदाता गणना प्रपत्र जमा नहीं करता है तो बीएलओ स्थानीय जांच के आधार पर उसे अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत अथवा डुप्लीकेट श्रेणी में चिह्नित करेंगे। ऐसे मतदाताओं की सूची पंचायत भवनों, नगरीय निकाय कार्यालयों और निर्वाचन विभाग की वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई 2026 को प्रारूप निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावा एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस अवधि में फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के माध्यम से नाम जोड़ने, संशोधन और विलोपन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा मृत, स्थानांतरित और डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाकर मतदाता सूची को अधिक शुद्ध एवं विश्वसनीय बनाना है।

जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदेय स्थल पर बीएलए-2 नियुक्त कर कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। बैठक में जानकारी दी गई कि जनपद के 945 मतदेय स्थलों के सापेक्ष कांग्रेस और भाजपा द्वारा 945-945 बीएलए-2 नियुक्त किए जा चुके हैं, जबकि बसपा एवं सीपीआई (एम) द्वारा अभी तक नियुक्तियां नहीं की गई हैं।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी बीएलए-2 अपने क्षेत्रों में मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दें तथा बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करें। साथ ही कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में प्रभारी उप निर्वाचन अधिकारी दीक्षिता जोशी, सहायक निर्वाचक अधिकारी शांति लाल शाह, खंड शिक्षाधिकारी मास्टर आदर्श सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *