उत्तराखंड

जिला कार्यक्रम अधिकारी का औचक निरीक्षण, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश

पौड़ी। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेन्द्र थपलियाल ने गुरुवार को जनपद मुख्यालय स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय, वन स्टॉप सेंटर, आंगनबाड़ी केंद्र लक्ष्मीनारायण मोहल्ला तथा आंगनबाड़ी केंद्र हिसारिया मोहल्ला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभागीय कार्यों, व्यवस्थाओं एवं संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन का जायज़ा लिया।

निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों एवं कार्यालयों में कार्मिक उपस्थित पाए गए। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने अभिलेखों की जांच करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है, इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों एवं महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के भी निर्देश दिए।

इस दौरान सुपरवाइजर कमला नेगी एवं सुपरवाइजर सुषमा रावत भी उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *