पौड़ी

क्षेत्र पंचायत बैठक में गूंजा मष्टखाल–बाड़ियूं मोटरमार्ग का मुद्दा

एक सप्ताह में काम शुरू करने का अधिकारियों ने दिया आश्वासन

द्वारीखाल/पौड़ी। मष्टखाल–बाड़ियूं मोटरमार्ग पर पुल्यासू के मेवाड़ गांव के पास लगभग डेढ़ किलोमीटर पहाड़ी कटान का कार्य पिछले एक वर्ष से अधूरा पड़ा होने पर क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। क्षेत्र पंचायत बैठक में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए एडवोकेट चंद्रमोहन ग्राम प्रधान बंदीला ने सड़क निर्माण कार्य में हो रही लापरवाही पर सवाल खड़े किए।

बैठक में बताया गया कि सड़क पर जेसीबी मशीन खड़ी होने के लंबे समय से कार्य बंद पड़ा है। पुल्यासू–उत्तिण्डा के बीच अधूरा निर्माण कार्य क्षेत्रीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह मोटरमार्ग क्षेत्र की बड़ी आबादी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन ठेकेदार और विभागीय उदासीनता के चलते कार्य अधर में लटका हुआ है।

जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय जनता ने लोक निर्माण विभाग से निर्माण कार्य को शीघ्र नियमित रूप से शुरू कर समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की मांग की। अधिकारियों ने बैठक में आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर कार्य दोबारा शुरू कर दिया जाएगा।

बैठक में चेतावनी दी गई कि यदि तय समय में निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया तो क्षेत्रीय जनता जनांदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग और संबंधित ठेकेदार की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *