ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर डीएम सख्त, अवैध डंपिंग पर प्रभावी निगरानी के निर्देश
जिला स्तरीय समिति बनेगी, लीगेसी वेस्ट और कूड़ा पृथक्करण व्यवस्था की हुई समीक्षा
पौड़ी, 19 मई। जनपद में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं नमामि गंगे कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में नगर निकायों, जिला पंचायत और संबंधित विभागों द्वारा संचालित स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में किसी भी स्थान पर अवैध रूप से कूड़ा डंप नहीं होना चाहिए। उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने और अवैध निस्तारण पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए। इसके लिए जिला स्तरीय समिति गठित की जाएगी, जिसमें प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाएगा।
बैठक में कूड़ा संग्रहण में लगाए गए वाहनों के सत्यापन और पंजीकरण को अनिवार्य बताते हुए डीएम ने कहा कि स्वच्छता कार्यों में दर्शाए गए वाहनों की वास्तविक उपलब्धता और संचालन का भौतिक सत्यापन भी किया जाए।
कूड़ा पृथक्करण व्यवस्था पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि अब केवल गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण पर्याप्त नहीं है, बल्कि खतरनाक अपशिष्ट और सैनिटरी वेस्ट का भी अलग-अलग वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाना आवश्यक है। उन्होंने नगर निकायों और ग्राम पंचायतों को स्रोत स्तर पर पृथक्करण व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम पंचायतों और नगर निकायों की मासिक प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्राप्त की जाएगी, ताकि स्वच्छता कार्यों की सतत निगरानी हो सके। उन्होंने बल्क वेस्ट जनरेटरों को भी नियमों का अनिवार्य रूप से पालन कराने के निर्देश दिए।
बैठक में लीगेसी वेस्ट मैनेजमेंट, स्वच्छता कार्मिकों की उपलब्धता, अपशिष्ट संग्रहण वाहनों की स्थिति, स्मार्ट शौचालयों की कार्यशीलता तथा स्वच्छता क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की भी समीक्षा की गई।
नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत नगर निकायों के ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्रों की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने नगर पालिका पौड़ी को लीगेसी वेस्ट का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। नगर पंचायत थलीसैंण को डंपिंग स्थल से संबंधित निर्माण कार्य जल्द पूरा करने तथा नगर पालिका दुगड्डा को वैकल्पिक भूमि चिन्हित करने को कहा गया।
कोटद्वार में निर्माणाधीन ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्र की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही संयंत्र तक पहुंच मार्गों की स्थिति सुधारने और उखड़ी सड़कों के पुनर्स्थापन कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा।
बैठक में डीएफओ महातिम यादव, नगर आयुक्त श्रीनगर नूपुर वर्मा, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, एएमए भावना रावत, ईओ नगर पालिका पौड़ी संजय कुमार, एसडीओ वन आयशा बिष्ट और पीएम स्वजल दीपक रावत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
