डुंगरी पंथ रेलवे सुरंग का एसडीआरएफ-एनडीआरएफ ने किया संयुक्त निरीक्षण
आपदा एवं आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का लिया जायज़ा
श्रीनगर। श्रीनगर क्षेत्र अंतर्गत डूंगरीपंथ रेलवे सुरंग का बुधवार को एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ की संयुक्त टीम ने विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरंग की सुरक्षा व्यवस्थाओं, प्रवेश एवं निकासी मार्गों, आपातकालीन बचाव संसाधनों तथा संभावित आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का आकलन किया गया।
संयुक्त दल ने सुरंग के भीतर विभिन्न सुरक्षा बिंदुओं का निरीक्षण करते हुए संवेदनशील स्थलों को चिन्हित किया और संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों का मूल्यांकन किया। इस दौरान अधिकारियों ने भविष्य में किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक रणनीतियों पर चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान रेलवे अधिकारियों ने टीम को सुरंग की संरचना, सुरक्षा उपकरणों, निकासी मार्गों एवं उपलब्ध आपदा प्रबंधन संसाधनों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही सुरंग में कार्यरत कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों का पालन करने, आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने तथा समन्वित राहत कार्य संचालित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
एसडीआरएफ निरीक्षक मंजरी नेगी ने बताया कि संयुक्त निरीक्षण का उद्देश्य डूंगरीपंथ रेलवे सुरंग की सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाना तथा किसी भी आपदा अथवा आपात स्थिति में त्वरित एवं सुरक्षित राहत-बचाव सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ समय-समय पर ऐसे संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा तंत्र को प्रभावी बनाने का कार्य करते हैं।
इस अवसर पर एनडीआरएफ के उप निरीक्षक नाजिम हुसैन सहित एसडीआरएफ, एनडीआरएफ एवं रेलवे विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
