पौड़ी

जनता मिलन में जिलाधिकारी ने सुनीं 19 जनसमस्याएं

501 में से 485 शिकायतों का निस्तारण, अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

पौड़ी। स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित जनता मिलन एवं सीएम हेल्पलाइन समीक्षा बैठक में जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 19 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर शिकायतकर्ताओं को राहत प्रदान की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। समीक्षा के दौरान बताया गया कि अब तक कुल 501 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 485 का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 16 प्रकरणों पर कार्यवाही जारी है।

जिलाधिकारी ने एल-1 स्तर पर 36 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों वाले अधिकारियों को अगले सोमवार व्यक्तिगत रूप से बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना संतोषजनक समाधान के शिकायतों को फोर्स क्लोज करने की प्रवृत्ति से बचा जाए और इसे अंतिम विकल्प के रूप में ही अपनाया जाए।

सीएम हेल्पलाइन, सरकार जनता के द्वार एवं ई-ऑफिस की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने लंबित शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायत निस्तारण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आमजन को वास्तविक राहत देने वाला होना चाहिए।

बैठक में कमंद क्षेत्र के ग्रामीणों ने गांव में तेंदुए की सक्रियता से भय का माहौल होने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिलाधिकारी ने वन विभाग को प्रभावित क्षेत्रों में पिंजरे लगाने, नियमित गश्त बढ़ाने तथा ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूली बच्चों के आवागमन के दौरान फॉरेस्ट गार्ड की निगरानी सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

बिडोलस्यूँ विकास समिति द्वारा एनएच श्रीनगर स्थित ईटीसी के सामने क्षतिग्रस्त सड़क की शिकायत पर जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों को तत्काल मौके पर भेजकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं खिर्सू ब्लॉक के पंदारखोला निवासी रमेश प्रसाद काला की भूमि पर बिना अनुमति पेयजल टैंक निर्माण की शिकायत पर जांच कर अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए।

अपर चोपड़ा निवासी केदार सिंह गुसाईं की शिकायत पर पेयजल टैंक चेंबर की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराने को कहा गया। नलाई प्राथमिक विद्यालय की तूफान से क्षतिग्रस्त छत एवं दीवारों के पुनर्निर्माण के लिए आपदा मद से शीघ्र कार्यवाही के निर्देश भी दिए गए।

पोखड़ा क्षेत्र में सौर ऊर्जा आधारित पेयजल योजना, पाबौ क्षेत्र में महिलाओं के स्वरोजगार एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण तथा गिरगांव की पेयजल समस्या पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक धनराशि भी उपलब्ध कराई जाएगी।

अणेंथ गांव में पिछले दो वर्षों से लंबित आयुर्वेदिक चिकित्सालय हस्तांतरण मामले पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए दो दिन के भीतर स्थिति स्पष्ट कर प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में दीक्षिता जोशी, महातिम यादव, डॉ शिवमोहन शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *