पौड़ी

मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने संभाला कार्यभार, विकास भवन का किया निरीक्षण

विभागीय कार्यप्रणाली, लंबित प्रकरणों और कार्यालय व्यवस्थाओं का लिया जायजा

जनहित से जुड़े मामलों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल के नवनियुक्त मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद विकास भवन सभागार सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर कार्यालय व्यवस्थाओं एवं विभागीय कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न अनुभागों में जाकर कर्मचारियों से संवाद किया तथा कार्यालय संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने उन्हें संचालित योजनाओं, विकास कार्यों एवं विभिन्न गतिविधियों की प्रगति से अवगत कराया। मुख्य विकास अधिकारी ने लंबित प्रकरणों एवं विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को जनहित से जुड़े मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आमजन को अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभाग जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। साथ ही कार्यालयों में अभिलेखों, पत्रावलियों एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों के सुव्यवस्थित रखरखाव पर विशेष जोर दिया।

सीडीओ अशोक जोशी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग अपने रिकॉर्ड अद्यतन रखें तथा कार्यालयों में साफ-सफाई, अनुशासन एवं कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखें। उन्होंने विकास योजनाओं एवं शासन की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में विभागीय समन्वय को आवश्यक बताते हुए कहा कि कार्यों की नियमित समीक्षा कर योजनाओं की प्रगति पर सतत निगरानी रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *