पौड़ी

लैंसडाउन में छात्र-छात्राओं को बाल विवाह रोकथाम के प्रति किया जागरूक

बाल अधिकार, संरक्षण सेवाओं और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की दी गई जानकारी

पौड़ी, 15 मई। जनपद पौड़ी गढ़वाल में बाल विवाह रोकथाम एवं बाल अधिकारों को लेकर जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज लैंसडाउन में बाल विवाह रोकथाम, बाल अधिकार एवं बाल संरक्षण विषयक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 150 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में महिला कल्याण विभाग, जिला बाल संरक्षण इकाई, बाल कल्याण समिति एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम में विशेषज्ञों द्वारा बाल विवाह के दुष्परिणाम, शिक्षा के महत्व, किशोर न्याय अधिनियम, बाल संरक्षण सेवाओं तथा बच्चों के अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी गई। बाल कल्याण समिति की सदस्य सुनीता भट्ट ने बच्चों को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा संबंधी जानकारियां देते हुए कहा कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास को प्रभावित करता है। उन्होंने इसके उन्मूलन के लिए समाज में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

संरक्षण अधिकारी सागर लिंगवाल ने विभागीय योजनाओं एवं बाल संरक्षण सेवाओं की जानकारी साझा की। वहीं प्रज्ञा नैथानी ने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की उपयोगिता और संकट की स्थिति में सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को जागरूक, संवेदनशील एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य भगवती देवी, कैंट बोर्ड लैंसडाउन के प्रधानाचार्य राकेश यादव, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *