“पौड़ी प्रगति पोर्टल” से विकास योजनाओं की होगी रियल टाइम मॉनिटरिंग
जिला प्रशासन की नई पहल से विकास कार्यों में आएगी पारदर्शिता और तेजी
पौड़ी, 15 मई। जनपद पौड़ी गढ़वाल में विकास कार्यों को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने “पौड़ी प्रगति पोर्टल” लॉन्च किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सुशासन एवं पारदर्शी प्रशासन के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए तैयार किया गया यह डिजिटल पोर्टल विभिन्न विकास योजनाओं की रियल टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित करेगा।

जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने ने बताया कि जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में विकसित इस पोर्टल के माध्यम से जनपद में संचालित जिला योजना, राज्य सेक्टर, केंद्र पोषित एवं बाह्य सहायतित योजनाओं की वित्तीय और भौतिक प्रगति का नियमित अनुश्रवण किया जाएगा। इसके लिए सभी विभागों और संबंधित डिवीजनों को लॉगिन आईडी उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने बताया कि विभागीय अधिकारी अपने-अपने विकास कार्यों की प्रगति, व्यय विवरण और कार्यस्थल के फोटो समय-समय पर पोर्टल पर अपलोड करेंगे, जिससे प्रत्येक योजना की अद्यतन स्थिति एक ही मंच पर उपलब्ध रहेगी। पोर्टल के जरिए विकासखंडवार एवं विभागवार रिपोर्ट भी तत्काल प्राप्त की जा सकेगी, जिससे उच्चाधिकारियों को योजनाओं की समीक्षा और निर्णय लेने में सुविधा मिलेगी।
प्रशासन के अनुसार पोर्टल के माध्यम से कार्यों में हो रही देरी अथवा लापरवाही को समय रहते चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी। इससे विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही को भी मजबूती मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि चालू वित्तीय वर्ष में आयोजित जिला योजना समिति की बैठक में जनपद पौड़ी के प्रभारी मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने “पौड़ी प्रगति पोर्टल” का औपचारिक शुभारंभ किया था। उन्होंने इसे जनपद के समग्र विकास के लिए आधुनिक, प्रभावी और परिणामोन्मुखी पहल बताते हुए जिला प्रशासन की सराहना की।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि यह पोर्टल विकास कार्यों की निगरानी के लिए एक सशक्त एवं पारदर्शी माध्यम साबित होगा। इसके जरिए सभी विभागों की प्रगति पर निरंतर नजर रखी जा सकेगी, जिससे कार्यों में गति के साथ गुणवत्ता भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य सभी योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कर उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि तकनीक के प्रभावी उपयोग के माध्यम से प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक जवाबदेह और पारदर्शी बनाया जा रहा है तथा “पौड़ी प्रगति पोर्टल” जनपद पौड़ी गढ़वाल को विकास के नए आयाम प्रदान करेगा।
