वित्तीय साक्षरता शिविर में बैंकिंग योजनाओं और डिजिटल सुरक्षा की दी जानकारी
साइबर फ्रॉड से बचाव और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ने का किया आह्वान
पौड़ी, 14 मई। उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक की मुख्य शाखा पौड़ी में गुरुवार को भारतीय रिज़र्व बैंक एवं लीड बैंक के तत्वावधान में वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आमजन को बैंकिंग सेवाओं, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा डिजिटल लेनदेन के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में भारतीय रिज़र्व बैंक के एलडीओ भरत आनंद ने कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक व्यक्ति के लिए बैंकिंग सेवाओं एवं डिजिटल माध्यमों की सही जानकारी होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए लोगों से इन योजनाओं से जुड़कर अपने भविष्य को सुरक्षित बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने बढ़ते साइबर अपराधों और डिजिटल फ्रॉड के प्रति भी लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाता विवरण या एटीएम पिन साझा न करें। साथ ही केवाईसी, सीकेवाईसी एवं अन्य बैंकिंग प्रक्रियाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं।
शिविर में राज्य सरकार की रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी देते हुए युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान वित्तीय साक्षरता से संबंधित प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें बैंक खाताधारकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर के.एस. रावत, उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक विशाल खत्री सहित बैंक अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
