अशोक जोशी ने संभाली सीडीओ की जिम्मेदारी, विकास कार्यों को गति देने पर रहेगा फोकस
गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल को नए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के रूप में अनुभवी प्रशासनिक अधिकारी अशोक जोशी मिल गए हैं। उत्तराखंड प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी अशोक जोशी ने सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी का पदभार ग्रहण कर लिया।
अशोक जोशी लंबे समय से राज्य के विभिन्न जनपदों में प्रशासनिक एवं विकास संबंधी जिम्मेदारियां निभाते रहे हैं। इससे पूर्व वे नैनीताल और उधमसिंह नगर में अपर जिलाधिकारी के रूप में महत्वपूर्ण दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा दुग्ध विकास एवं महिला डेयरी विकास विभाग में निदेशक पद पर भी कार्य कर चुके हैं। प्रशासनिक कार्यशैली में उनकी पहचान शांत स्वभाव, बेहतर समन्वय और विकास कार्यों पर विशेष फोकस रखने वाले अधिकारी के रूप में रही है।

मुख्य विकास अधिकारी का कार्यभार संभालने के बाद उनकी प्राथमिकताओं में जनपद की विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारना, ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना शामिल रहेगा। सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वरोजगार और मनरेगा कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इसके अलावा पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की नियमित निगरानी, लंबित परियोजनाओं में तेजी लाने, दूरस्थ क्षेत्रों में संपर्क सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी उनका फोकस रहेगा। ग्रामीण आजीविका, महिला स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने और युवाओं के लिए रोजगारपरक योजनाओं को बढ़ावा देने की दिशा में भी उनसे सक्रिय भूमिका की अपेक्षा की जा रही है।
जनपद में उनके प्रशासनिक अनुभव का लाभ विकास कार्यों को गति देने में मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
