उत्तराखंडपौड़ी

होप फॉर हेल्थ क्लीनिक में हर शनिवार-रविवार निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण

*आज दिल्ली के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. संजय गर्ग ने दिए स्वास्थ्य परामर्श*

द्वारीखाल/पौड़ी गढ़वाल। द्वारीखाल विकासखंड के चैलूसैंण स्थित होप फॉर हेल्थ चेरिटेबल क्लीनिक ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य कर रहा है। क्लीनिक में प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक डॉ. सतीश प्रकाश फिजिशियन के रूप में मरीजों को देख रहे हैं, जबकि आकांक्षा भंडारी सहायक के रूप में सेवाएं दे रही हैं।

क्लीनिक में विशेषज्ञ डॉक्टरों से वीडियो कॉलिंग के माध्यम से परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को घर के नजदीक ही उचित उपचार मिल पा रहा है। मरीजों को दवाइयों पर 10 प्रतिशत छूट भी दी जा रही है। इसके अतिरिक्त ईसीजी एवं पैथोलॉजी जांच की सुविधा भी उपलब्ध है।

प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को होप फॉर हेल्थ क्लीनिक चैलूसैंण में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है। स्वास्थ्य जांच करवाने के इच्छुक लोगों से पूर्व पंजीकरण कराने की अपील की गई है, ताकि मरीजों को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

रविवार 10 मई को आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 25 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। इस दौरान 10 मरीजों का ईसीजी किया गया, जबकि कई लोगों ने पैथोलॉजी जांच भी करवाई। शिविर में दिल्ली स्थित गर्ग हार्ट सेंटर के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. संजय गर्ग ने मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।

 

ग्रामीणों ने क्षेत्र में इस प्रकार की स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होने पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे जनहितकारी पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *