उत्तराखंड

दो दिवसीय दौरे पर लैंसडाउन पहुंचे राज्यपाल गुरमीत सिंह

पूर्व सैनिक पर्यावरण उद्यान का उद्घाटन, महिला सशक्तिकरण केंद्रों का किया निरीक्षण

लैंसडॉन/पौड़ी। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह शुक्रवार को अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण कार्यक्रम के तहत लैंसडाउन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गढ़वाल राइफल रेजिमेंट सेंटर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर सैन्य गतिविधियों, महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों का अवलोकन किया।

शहीद भवानी दत्त जोशी परेड ग्राउंड पहुंचने पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत और गढ़वाल राइफल रेजिमेंट सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद नेगी ने राज्यपाल का स्वागत किया। सुरक्षा बलों द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया।

राज्यपाल ने “पूर्व सैनिक पर्यावरण उद्यान” का उद्घाटन कर वहां विकसित हरित व्यवस्थाओं और पूर्व सैनिकों के सम्मान में किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ देश सेवा करने वाले पूर्व सैनिकों के सम्मान का प्रतीक है।

उद्यान भ्रमण के दौरान राज्यपाल ने आर्मी पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए बच्चों को अनुशासन, शिक्षा और राष्ट्र सेवा के मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इसके बाद राज्यपाल ने “ऑल वुमेन कैफे” और “भुल्ली सशक्तिकरण केंद्र” का निरीक्षण किया। उन्होंने महिलाओं द्वारा तैयार किए गए पहाड़ी उत्पादों, हस्तशिल्प और स्वरोजगार आधारित गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के केंद्र महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

राज्यपाल ने केंद्र में संचालित धातु कला, ब्लॉक प्रिंटिंग, कंप्यूटर प्रशिक्षण, ऊनी वस्त्र, हस्तनिर्मित कागज, मसाला केंद्र और ब्यूटी पार्लर सहित विभिन्न इकाइयों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि कौशल आधारित प्रशिक्षण व्यवस्थाएं ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं और युवाओं को रोजगार से जोड़ने में सहायक सिद्ध हो रही हैं।

उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि केंद्रों को स्वयं सहायता समूहों और सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनकी गतिविधियों का और विस्तार किया जाए, ताकि स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध हो सके।

कार्यक्रम के अंतर्गत कमान हॉल में जिलाधिकारी द्वारा राज्यपाल को जनपद की कानून व्यवस्था, विकास कार्यों, पर्यटन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं से संबंधित प्रस्तुतीकरण भी दिया गया। वहीं रॉय हट में आयोजित स्टेशन ब्रीफिंग में क्षेत्र की सैन्य गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी साझा की गई।

इस अवसर पर लेफ्टिनेंट कर्नल विजय तोमर, अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य, सीओ निहारिका सेमवाल, कैंट बोर्ड के सीईओ हर्षित राज सिंह सहित सेना, प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *