पौड़ी

यमकेश्वर में विकास और आध्यात्म का संगम: सीएम योगी और धामी ने किया विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास

यमकेश्वर/पौड़ी गढ़वाल। यमकेश्वर क्षेत्र गुरुवार को दो राज्यों के मुख्यमंत्रियों के ऐतिहासिक मिलन और विकास योजनाओं का केंद्र बना। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संयुक्त रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।

दोनों मुख्यमंत्रियों ने कार्यक्रम की शुरुआत यमकेश्वर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना से की। उन्होंने प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना की। इस दौरान जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने दोनों अतिथियों का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर भी पहुंचे, जहां उन्होंने श्री विष्णु महायज्ञ में सहभागिता कर ग्रामीणों और परिवारजनों के साथ धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया। उन्होंने मंदिर समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तीन वर्षों में क्षेत्र में भव्य मंदिर निर्माण हुआ है। युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने सकारात्मक सोच और आध्यात्मिकता को जीवन में सफलता का मूल मंत्र बताया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व की सराहना करते हुए बिथ्याणी महाविद्यालय को आदर्श कॉलेज के रूप में विकसित करने तथा क्षेत्र में मिनी स्टेडियम निर्माण शीघ्र शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को वैश्विक स्तर की शिक्षा और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी में छात्राओं ने पारंपरिक अंदाज में दोनों मुख्यमंत्रियों का स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा महाविद्यालय की नई एआई आधारित वेबसाइट का डिजिटल उद्घाटन किया। कार्यक्रम में एआई तकनीक का प्रदर्शन भी किया गया, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एआई बॉट से परीक्षा प्रणाली और परिणामों की जानकारी ली, जबकि मुख्यमंत्री धामी ने छात्र संख्या और कौशल विकास से जुड़े विषयों पर संवाद किया।

इसके अलावा महाविद्यालय के नए भवन और सेमिनार हॉल का उद्घाटन, ‘विकसित भारत एक संकल्प’ पुस्तक का विमोचन तथा ओपन जिम का शिलान्यास भी किया गया। दोनों मुख्यमंत्रियों ने स्वयं जिम उपकरणों पर व्यायाम कर युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ धन सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, विधायक रेणु बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *