पौड़ी

प्राकृतिक उत्पादों की ओर बढ़ता कदम, ग्वील हर्बल्स ने बनाई अलग पहचान

द्वारीखाल/पौड़ी गढ़वाल। राजकीय इंटर कॉलेज सिलोगी के शताब्दी समारोह में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में “ग्वील हर्बल्स” की प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। स्टॉल संचालक शिरोमणी कुकरेती ने बताया कि ढांगू पट्टी के अंतर्गत ग्राम ग्वील में ग्रामीणों ने सामूहिक प्रयास से तीन वर्ष पूर्व 3 हेक्टेयर भूमि पर लेमनग्रास की खेती शुरू की थी, जो आज बढ़कर लगभग 10 हेक्टेयर तक पहुंच चुकी है।

 

उन्होंने जानकारी दी कि लेमनग्रास से तेल निकालने के लिए गांव में ही प्लांट स्थापित किया गया है, जिससे स्थानीय स्तर पर ही उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। “ग्वील हर्बल्स” के नाम से तैयार इन उत्पादों में कार फ्रेगरेंस, एसेंशियल ऑयल और अरोमाथेरेपी से जुड़े कई आइटम शामिल हैं, जिनकी बाजार में अच्छी मांग है और उचित मूल्य भी मिल रहा है।

प्रदर्शनी में प्राकृतिक हर्बल उत्पादों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। आयोजकों ने बताया कि इन उत्पादों का उद्देश्य लोगों को प्राकृतिक सुगंध के साथ स्वास्थ्यवर्धक विकल्प उपलब्ध कराना है। अरोमाथेरेपी के माध्यम से मानसिक तनाव कम करने और जीवनशैली में सुधार लाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हैं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित कर रहे हैं।

आयोजकों ने बताया कि “ग्वील हर्बल्स” भविष्य में भी प्राकृतिक उत्पादों और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

संपर्क:  consumercare@gweelherbals.com

www.gweelherbals.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *