पौड़ी

हर पात्र व्यक्ति को मिले योजनाओं का लाभ, लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त – मंत्री

पौड़ी। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक धन सिंह रावत ने विकासखंड खिर्सू में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विकासखंड खिर्सू के सभागार में आयोजित बैठक में मंत्री ने क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। अधिकारियों से विभागवार जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना ही सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना सहित सभी आवासीय योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र गरीब परिवार को हर हाल में मिले। इसके साथ ही शौचालय निर्माण, आयुष्मान कार्ड, किसान सम्मान निधि और हर घर जल योजना को प्राथमिकता के साथ शत-प्रतिशत लाभार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि आय प्रमाण पत्र, राशन कार्ड और मृत्यु प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेज समय पर तैयार किए जाएं, ताकि पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ लेने में कोई कठिनाई न हो। उन्होंने पंचायत स्तर पर व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए निर्देशित किया कि प्रत्येक माह दो दिन पंचायत घर अनिवार्य रूप से खोले जाएं और संबंधित कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के निर्देश देते हुए गांवों में सड़क निर्माण, विद्यालय परिसरों की चहारदीवारी और एएनएम सेंटरों के विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करने को कहा। साथ ही जिन पात्र परिवारों को अभी तक आवास योजना का लाभ नहीं मिला है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

बैठक में विकासखंड खिर्सू को पूर्ण साक्षर बनाने का लक्ष्य भी तय किया गया। मंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अक्टूबर 2026 तक इस लक्ष्य को प्राप्त करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा और योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखनी होगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान प्रवीण सैनी, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, खंड विकास अधिकारी अमित बिजल्वाण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *