श्रीनगर में कैबिनेट मंत्री ने ली विभागीय बैठक, विकास कार्यों की समीक्षा
पौड़ी। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सोमवार को श्रीनगर स्थित महिला थाना सभागार में पेयजल निगम, सिंचाई विभाग और जल संस्थान के अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

बैठक में श्रीनगर क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था, बाढ़ सुरक्षा उपायों और सीवर लाइन से जुड़े कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण की जाएं, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने पर जोर दिया और कहा कि पेयजल एवं सीवर जैसी मूलभूत सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी और फील्ड निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जीजीआईसी के वार्षिकोत्सव में शामिल हुए मंत्री
बैठक के उपरांत कैबिनेट मंत्री डॉ. रावत ने पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, श्रीनगर के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक और देशभक्ति कार्यक्रमों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र सेवा की भावना को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जिससे युवाओं को बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें।
बैठक में अधिशासी अभियंता सिंचाई सचिन शर्मा, पेयजल निगम के सुभाष भट्ट और सहायक अभियंता जल संस्थान अर्पित मित्तल उपस्थित रहे। वहीं विद्यालय कार्यक्रम में मेयर आरती भंडारी, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, अपर शिक्षा निदेशक पदमेंद्र बिष्ट, प्रधानाचार्य मीना गैरोला सहित अन्य अधिकारी एवं छात्राएं मौजूद रहीं।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
