पौड़ी

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर 1.12 लाख से अधिक बच्चों को दी जाएगी एल्बेंडाजॉल

पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में 7 मई 2026 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित इस अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 1,12,027 बच्चों, किशोरों एवं किशोरियों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजॉल खिलाई जाएगी। यह दवा सरकारी, अर्धसरकारी, निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा व्यावसायिक शिक्षण संस्थानों के माध्यम से वितरित की जाएगी।

अभियान के अंतर्गत जो पात्र लाभार्थी किसी कारणवश छूट जाएंगे, उन्हें कवर करने के लिए 14 मई 2026 को मॉप-अप डे आयोजित किया जाएगा, ताकि कोई भी बच्चा दवा लेने से वंचित न रह सके।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विकासखंड स्तर पर दवा की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है तथा स्कूल प्रबंधन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा सहयोगिनियों को आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि स्वच्छता की कमी के कारण बच्चों में कृमि संक्रमण हो जाता है, जिससे एनीमिया (खून की कमी), कुपोषण और शारीरिक व मानसिक विकास पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इसके चलते बच्चों में थकान, चिड़चिड़ापन और पढ़ाई में अरुचि जैसी समस्याएं सामने आती हैं।

सीएमओ ने स्पष्ट किया कि एल्बेंडाजॉल दवा पूरी तरह सुरक्षित है और इसे हर वर्ष बच्चों को दिया जाता है, जिससे शरीर में मौजूद कृमि नष्ट होते हैं और बच्चों का स्वास्थ्य बेहतर होता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और निर्धारित तिथि पर उन्हें दवा अवश्य दिलवाएं, ताकि बच्चे स्वस्थ और कृमि मुक्त रह सकें।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *