श्रम दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित श्रमिकों को अधिकारों व सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
पौड़ी। अंतर्राष्ट्रीय श्रम दिवस के अवसर पर नगर पालिका पौड़ी के सभागार में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में श्रमिकों को उनके अधिकारों, विभिन्न सरकारी योजनाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
शिविर को संबोधित करते हुए सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं सिविल जज नाज़िश कलीम ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने बताया कि लोक अदालत के जरिए त्वरित एवं सुलभ न्याय प्राप्त किया जा सकता है।

उन्होंने श्रमिकों को श्रम विवादों के समाधान हेतु उपलब्ध कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं का भी उल्लेख किया। साथ ही असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण के लाभ तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी साझा की।
उन्होंने कहा कि श्रमिक समाज की रीढ़ हैं और उनके अधिकारों की रक्षा करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने श्रमिकों से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और आवश्यकता पड़ने पर विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करने की अपील की।
इस अवसर पर नगर पालिका के प्रशासनिक अधिकारी सोबन सिंह नेगी, उपनिरीक्षक संजय असवाल, संरक्षण अधिकारी प्रज्ञा नैथानी, वन स्टॉप सेंटर से अमृता रावत, सेनेटरी इंस्पेक्टर हेमंत कुमार, अधिकार मित्र लक्ष्मी नेगी, सोनम ममगाईं सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
