पौड़ी

पौड़ी में पेयजल-सीवर शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय

पौड़ी। ग्रीष्म ऋतु में संभावित जल संकट को देखते हुए जनपद में पेयजल एवं सीवर संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जल संस्थान ने शाखा स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम को सक्रिय कर दिया है। इस व्यवस्था से आमजन एवं जनप्रतिनिधियों की शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि गर्मियों में कहीं भी पेयजल संकट उत्पन्न न होने पाए। उन्होंने जलापूर्ति व्यवस्था पर निरंतर निगरानी रखने, प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने तथा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

अधीक्षण अभियंता जल संस्थान प्रवीण सैनी ने बताया कि पौड़ी शाखा में कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 01368-222015 निर्धारित किया गया है। यहां प्राप्त शिकायतों को तुरंत संबंधित अभियंताओं तक पहुंचाकर उनका त्वरित निस्तारण कराया जाएगा। कंट्रोल रूम प्रभारी के रूप में सहायक अभियंता सुशील कुमार (मो. 9528875406) को नामित किया गया है, जो शिकायतों की दैनिक समीक्षा करेंगे।

उन्होंने बताया कि शिफ्टवार तैनाती में सुबह 6 से 9 बजे एवं शाम 6 से रात 10 बजे तक सौरभ गोदियाल (7895728167), सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक विवेक भट्ट (8126326610) तथा दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक हरीश सिंह (9997186712) सेवाएं देंगे।

इसी प्रकार कोटद्वार शाखा में भी कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 01382-222219 है। अधिशासी अभियंता अभिषेक कुमार वर्मा के अनुसार, मंजू रौतेला को प्रतिदिन सुबह 6 से 10 बजे तक तथा अवकाश के दिनों में सुबह 6 से दोपहर 2 बजे तक तैनात किया गया है। वहीं संजय सिंह को प्रतिदिन शाम 5 से रात 10 बजे तक तथा अवकाश के दिनों में दोपहर 2 से रात 10 बजे तक ड्यूटी सौंपी गई है।

विभाग द्वारा सभी कंट्रोल रूम में शिकायतों के पंजीकरण हेतु अलग रजिस्टर रखने की व्यवस्था की गई है, जिससे प्रत्येक शिकायत का रिकॉर्ड दर्ज हो सके और पारदर्शिता बनी रहे। विभाग ने आमजन से अपील की है कि पेयजल या सीवर से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए संबंधित कंट्रोल रूम से संपर्क कर समाधान प्राप्त करें।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *