पौड़ी

जिला योजना 2026-27 पर मंथन, नवाचार और स्वरोजगार पर जोर

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में जनपद पौड़ी गढ़वाल में जिला योजना वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित परिव्यय पर विकास भवन सभागार में विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने की। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान “पौड़ी प्रगति पोर्टल” का शुभारंभ किया गया, जिसके माध्यम से जिला योजना सहित विभिन्न योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की पारदर्शी निगरानी की जाएगी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण करते हुए प्रमुख परियोजनाओं की जानकारी दी, जिनमें जिला पुस्तकालय, धारी देवी मंदिर लाइटिंग, कंडोलिया इंडोर स्टेडियम, ईको एडवेंचर पार्क, बर्ड फेस्टिवल और नयार घाटी फेस्टिवल शामिल हैं।

प्रभारी मंत्री ने जिला प्रशासन के कार्यों की सराहना करते हुए निर्देश दिए कि लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग योजनाओं का प्रस्ताव जनप्रतिनिधियों के समन्वय से तैयार करें ताकि लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचे।

वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित 11,997.70 लाख रुपये के परिव्यय पर चर्चा करते हुए प्रभारी मंत्री ने घोषणा की कि कुल बजट का 15 प्रतिशत हिस्सा स्वरोजगार आधारित योजनाओं के लिए निर्धारित किया जाएगा। उन्होंने क्लस्टर आधारित विकास, नवाचार और स्थानीय संसाधनों के उपयोग पर विशेष जोर दिया।

बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट कार्ययोजना, समयसीमा और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही योजनाओं की नियमित फील्ड मॉनिटरिंग और आपसी समन्वय पर बल दिया गया।

इस अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी, महंत दिलीप रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला सहित कई जनप्रतिनिधियों ने सुझाव रखे, जिन पर गंभीरता से विचार करने के निर्देश दिए गए।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *