पौड़ी

कोटद्वार में तहसील दिवस आयोजित, 94 शिकायतें दर्ज—अधिकांश का मौके पर निस्तारण

कोटद्वार/पौड़ी गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार तहसील सभागार में मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने कुल 94 शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर शिकायतकर्ताओं को राहत दी गई। शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए गए।

से

तहसील दिवस में पूर्ति, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और अतिक्रमण से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। गैस आपूर्ति से संबंधित शिकायतों पर मुख्य विकास अधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि गैस एजेंसियां निर्धारित स्थलों पर ही पारदर्शी ढंग से वितरण करें और बुकिंग क्रम के अनुसार उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नगर क्षेत्र में अतिक्रमण की शिकायतों पर नगर निगम को नियमित अभियान चलाने के निर्देश दिए गए, ताकि यातायात और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो। वहीं पेयजल समस्याओं के त्वरित समाधान और सभी क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी चिकित्सालयों में दवाइयों की उपलब्धता और बेहतर सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि तहसील दिवस शासन की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।

उन्होंने लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने और शिकायतकर्ताओं को समय-समय पर प्रगति की जानकारी देने के भी निर्देश दिए। अधिकारियों से अपेक्षा की गई कि वे जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी संदीप कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत नंदिता अग्रवाल, लोनिवि दुगड्डा के निर्भय सिंह, ग्रामीण निर्माण खंड के श्रीपति डोभाल, महाप्रबंधक उद्योग सोमनाथ गर्ग, खंड विकास अधिकारी विद्यादत्त रतूड़ी, सहायक नगर आयुक्त अजय एष्टवाल, खाद्य निरीक्षक करण क्षेत्री सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *