अंकिता भंडारी हत्याकांड: पीपलकोटी में यूकेडी का विरोध प्रदर्शन, कथित वीआईपी के खिलाफ जताया आक्रोश
चमोली/पीपलकोटी। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित वीआईपी अजय कुमार के कर्णप्रयाग आगमन की सूचना पर पीपलकोटी में उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन यूकेडी नेता अंशुमन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर अंशुमन सिंह बिष्ट ने कहा कि उत्तराखंड के साथ भाजपा ने सबसे अधिक छलावा किया है और अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़े किसी भी व्यक्ति को राज्य में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही कर्णप्रयाग पहुंच रहे भाजपा नेता ने अपना कार्यक्रम बदलते हुए वापस लौटना उचित समझा। इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में राजनीतिक माहौल और अधिक गरमा गया है।
गौरतलब है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर प्रदेशभर में पहले से ही आक्रोश व्याप्त है। ऐसे में कथित वीआईपी के आगमन की सूचना से स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं में नाराजगी और बढ़ गई।
प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
