पोषण पखवाड़ा: आंगनबाड़ी केंद्र जसोदरपुर में मां-बच्चों का संवाद, गतिविधियां एवं गोदभराई कार्यक्रम आयोजित
पौड़ी। पोषण पखवाड़े के अंतर्गत जनजाति क्षेत्र स्थित आंगनबाड़ी केंद्र जसोदरपुर में मां एवं बच्चों के साथ संवाद कार्यक्रम, विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां तथा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी दुगड्डा नेहा बेलवाल ने जनजातीय क्षेत्र में प्रस्तावित क्रैच (शिशु देखभाल केंद्र) की जानकारी देते हुए बताया कि कार्यरत महिलाओं के बच्चों के लिए सुरक्षित और पोषक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्रैच खोले जाने की योजना है। इस संबंध में उपस्थित महिलाओं से संवाद कर उनके सुझाव भी लिए गए।
इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच एवं सुरक्षित मातृत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लाभों से अवगत कराते हुए संस्थागत प्रसव को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में माताओं को बच्चों के समग्र विकास के लिए मोबाइल फोन से दूरी बनाए रखने और उनके साथ रचनात्मक गतिविधियों में समय देने की सलाह दी गई। केंद्र पर माताओं एवं बच्चों द्वारा मिट्टी, फूल और पत्तों से विभिन्न सृजनात्मक गतिविधियां कराई गईं, जिससे बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास को बढ़ावा मिला।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, महिलाओं एवं स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी रही। यह आयोजन पोषण पखवाड़े के उद्देश्यों को धरातल पर उतारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
— सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
