चारधाम यात्रा से पहले प्रशासन एक्शन मोड में, डीएम ने निरीक्षण कर परखी व्यवस्थाएं
पौड़ी। चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और यात्रीहितकारी बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने श्रीनगर स्थित तहसील सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और इसके बाद स्वयं यात्रा मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगमता सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
मूलभूत सुविधाओं पर विशेष फोकस
बैठक में यात्रा मार्गों पर साइनेज, शौचालय, पेयजल और गुणवत्तापूर्ण भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। होटल और ढाबों में रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने तथा खाद्य निरीक्षण नियमित रूप से करने को कहा गया।
सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन मजबूत करने के निर्देश
कीर्तिनगर पुल से सिरोबगड़ तक मार्ग को तीन जोन में विभाजित कर प्रत्येक जोन में स्थायी और अस्थायी चौकियां स्थापित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अतिरिक्त पॉकेट पार्किंग चिन्हित करने, ट्रैफिक प्रबंधन को प्रभावी बनाने और अवैध होर्डिंग/बैनर हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया।
कंट्रोल रूम और ट्रांजिट कैंप की व्यवस्थाएं परखी
उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा ने जानकारी दी कि तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम और कलियासौड़ में पोर्टा केबिन स्थापित किया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों के लिए होल्डिंग एरिया और ट्रांजिट कैंप में बिजली, पानी और शौचालय जैसी सभी सुविधाएं उपलब्ध रहें।
स्वास्थ्य सेवाओं को किया सुदृढ़
फरासू, धारी देवी और भट्टीसेरा में मेडिकल रिलीफ पोस्ट पर चिकित्सकों की तैनाती, जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता और बेस चिकित्सालय में अतिरिक्त डॉक्टरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्थलीय निरीक्षण में दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान कीर्तिनगर पुल से सिरोबगड़ तक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। सेल्फी प्वाइंट पर सुरक्षा रेलिंग लगाने, उफल्डा क्षेत्र में हैंडपंप चालू रखने और नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एनआईटी मैदान और आवास विकास मैदान में यात्री ठहराव स्थलों पर पेयजल, शौचालय और बिजली की व्यवस्था परखी गई तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। जल संस्थान की शिकायत प्रणाली की भी मौके पर जांच की गई।
पार्किंग और सफाई व्यवस्था पर सख्ती
कलियासौड़ क्षेत्र में मलबा हटाकर अस्थायी पार्किंग विकसित करने, अवैध पार्किंग पर नियंत्रण रखने और छोटे-छोटे पार्किंग स्थल चिन्हित करने के निर्देश दिए गए। यात्रा मार्गों पर स्वच्छता बनाए रखने और कूड़ा प्रबंधन को दुरुस्त करने पर भी जोर दिया गया।
निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने धारीदेवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर जनकल्याण की कामना की तथा पर्यटकों से संवाद कर व्यवस्थाओं पर फीडबैक भी लिया।
इस दौरान उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा, पुलिस उपाधीक्षक तुषार बोरा, तहसीलदार दीपक भंडारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
— सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
