सड़क सुरक्षा में लापरवाही नहीं चलेगी, चालान अभियान तेज करने के निर्देश
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए सभी विभागों को समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और चालान अभियान को और अधिक व्यापक बनाया जाए।

बैठक में दुर्घटना की स्थिति में त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के लिए आमजन को प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) प्रशिक्षण बड़े स्तर पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को भी अनिवार्य रूप से प्रशिक्षित करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी घायल व्यक्ति को उपचार देने से कोई भी चिकित्सालय मना नहीं कर सकता तथा इसके लिए ई-डार प्रणाली का प्रशिक्षण भी सुनिश्चित किया जाए।
ट्रैफिक सेफ्टी पार्क के निर्माण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि इसे गांधी पार्क में विकसित किया जाएगा, जिससे विशेषकर बच्चों और युवाओं में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। पुलिस और परिवहन विभाग को अवैध पार्किंग के खिलाफ नियमित अभियान चलाने, रात्रि गश्त बढ़ाने तथा सड़कों पर खड़े वाहनों को क्रेन से हटाकर सीसीटीवी निगरानी वाले स्थानों पर रखने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चालान प्रक्रिया को और मजबूत करने, नियम उल्लंघन करने वाले वाहनों की फोटो आधारित कार्रवाई तेज करने तथा जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। साथ ही सड़कों पर गड्ढों की मरम्मत को प्राथमिकता देते हुए सभी लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
चारधाम यात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने, अधिक यातायात वाले क्षेत्रों में छायादार विश्राम स्थलों और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में वर्ष 2025 की सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों के आश्रितों को दी गई आर्थिक सहायता की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों एवं अधिशासी अभियंताओं को एक सप्ताह के भीतर दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) की पहचान कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही आरटीओ को संयुक्त निरीक्षण कर जोखिमपूर्ण सड़कों की सूची तैयार करने को कहा गया।
बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, आरटीओ विमल पाण्डे, अधिशासी अभियंता विवेक सेमवाल, एआरटीओ मंगल सिंह, उप निरीक्षक प्रवीण रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
— सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
