वन संरक्षण व आजीविका संवर्धन पर मंथन, पौड़ी में शुरू होगा पायलट प्रोजेक्ट
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में वन संरक्षण, भूमि क्षरण नियंत्रण एवं आजीविका संवर्धन से जुड़े विषयों पर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत-जर्मन तकनीकी सहयोग परियोजना GIZ के तहत संभावित विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जिला समन्वय समिति के सदस्यों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने योजना के तकनीकी, सामाजिक एवं आर्थिक पहलुओं पर विचार-विमर्श किया। वन एवं वृक्ष आच्छादन बढ़ाने, भूमि क्षरण रोकने, जैव विविधता संरक्षण तथा जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने के लिए दीर्घकालिक रणनीति तैयार करने पर जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में चयनित स्थलों पर योजना का पायलट क्रियान्वयन शुरू किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि चयनित क्षेत्रों में आजीविका गतिविधियों की स्पष्ट और व्यवहारिक कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि स्थानीय समुदायों को सीधा लाभ मिल सके। साथ ही सभी कार्यों को परिणाम आधारित बनाते हुए उनके प्रभाव का नियमित मूल्यांकन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में वन आधारित आजीविका को बढ़ावा देने पर विशेष फोकस किया गया। इसके तहत प्राकृतिक संसाधनों का आकलन, पारिस्थितिकी तंत्र का अध्ययन, क्षमता विकास और सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण को अनिवार्य घटक के रूप में शामिल करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने वन विभाग लैंसडाउन को प्रस्तावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर शीघ्र विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही प्रभागीय वनाधिकारी को राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर उपयुक्त भूमि चयन के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं में पीरूल आधारित संयंत्र, पर्यटन विकास, दुग्ध उत्पादन तथा स्वरोजगार गतिविधियों को शामिल कर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय संसाधनों के वैज्ञानिक उपयोग को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। सभी विभागों को समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, परियोजना सलाहकार अपर्णा पाण्डे, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी, उप प्रभागीय वनाधिकारी लैंसडाउन रजत कपिल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
