निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों संग बैठक, एएसडी सूची साझा करने के निर्देश
पौड़ी। जिला कार्यालय सभागार में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी की अध्यक्षता में निर्वाचक नामावली के आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के सफल संचालन को लेकर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मृत, अनुपस्थित एवं अन्यत्र स्थानांतरित (एएसडी) मतदाताओं की सूची साझा करने के संबंध में भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड द्वारा जारी निर्देशों की जानकारी दी गई। बताया गया कि संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा विधानसभावार एवं मतदेय स्थलवार एएसडी सूची तैयार कर उपलब्ध करा दी गई है तथा नियमानुसार अपमार्जन की कार्यवाही भी की जा रही है।

सहायक निर्वाचन अधिकारी एस.एल. शाह ने बताया कि निर्वाचक नामावली को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने हेतु ईआरओ नेट के माध्यम से प्राप्त आंकड़ों तथा घर-घर सत्यापन के आधार पर सूची तैयार की गई है। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार राजनीतिक दलों को प्रारूप-9, 10, 11, 11क एवं 11ख उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
बैठक में यह भी बताया गया कि भारतीय जनता पार्टी एवं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा जनपद के सभी मतदेय स्थलों हेतु बीएलए-2 की नियुक्ति की जा चुकी है, जबकि कुछ अन्य दलों द्वारा अभी तक बीएलए-1 एवं बीएलए-2 की नियुक्ति नहीं की गई है।
सहायक निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से अपेक्षा की कि वे उपलब्ध कराई गई एएसडी सूची को अपने-अपने बीएलए-2 के साथ साझा कर पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
बैठक में भाजपा के प्रतिनिधि राजेंद्र सिंह राणा एवं कांग्रेस के मनमोहन सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
