पौड़ी

पाबौ में किसान दिवस का आयोजन: योजनाओं की जानकारी के साथ किसानों की समस्याओं का मौके पर समाधान

100 से अधिक किसानों ने लिया भाग, अधिकारियों ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

पौड़ी गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में विकासखंड पाबौ सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान के प्रयास किए गए। इस अवसर पर लगभग 100 से अधिक किसानों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर ने की। उन्होंने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है, जिसके लिए विभागीय समन्वय और सक्रियता अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने किसानों को आधुनिक तकनीकों को अपनाने और विभिन्न योजनाओं से जुड़कर अपनी आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि कृषि, उद्यान, पशुपालन और मत्स्य पालन के क्षेत्रों में व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं, जिनका सही उपयोग कर आर्थिक स्थिति को मजबूत किया जा सकता है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं की जानकारी किसानों को सरल भाषा में उपलब्ध कराई जाए तथा लाभार्थियों का चयन पारदर्शी तरीके से किया जाए, ताकि वास्तविक पात्रों को ही योजनाओं का लाभ मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान किसानों ने अपने अनुभव साझा किए। विभिन्न विभागों—कृषि, उद्यान, पशुपालन और मत्स्य विभाग द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा कई किसानों को मौके पर ही लाभान्वित भी किया गया।

इस अवसर पर प्रभारी मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती, खंड विकास अधिकारी हरेंद्र कोली, पूर्ति निरीक्षक हमेंद्र कुमार, क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज रावत, कृषक विपिन पंत, वीरेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।

– सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *