पौड़ी

एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था पर सख्ती, पौड़ी में 24 प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण

कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक के लिए प्रशासन सक्रिय, गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश

पौड़ी गढ़वाल। जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने और कालाबाजारी व जमाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन पर खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग की प्रवर्तन टीमों ने विभिन्न स्थानों पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि बुधवार को जनपद में कुल 24 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान श्रीनगर क्षेत्र में 02 गैस गोदाम, कोटद्वार में 01 गैस गोदाम व 04 व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, पौड़ी और पाबौ में 01-01 गैस गोदाम तथा नौगांवखाल/पोखड़ा क्षेत्रों में 15 व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान संबंधित संचालकों को स्टॉक एवं वितरण से जुड़े अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि विभाग द्वारा एलपीजी गैस की कालाबाजारी और जमाखोरी को रोकने के लिए नियमित रूप से निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। सभी गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *