जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, पौड़ी में 5 केंद्रों पर हुआ प्रशिक्षण
एचएलओएफ के तहत भवन और मूलभूत सुविधाओं के सर्वे को लेकर 250 प्रगणक व सुपरवाइजर प्रशिक्षित
पौड़ी गढ़वाल। जनगणना 2027 को लेकर जनपद पौड़ी गढ़वाल में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को विभिन्न केंद्रों पर प्रगणकों और सुपरवाइजरों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें सर्वेक्षण की प्रक्रिया और तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
घुड़दौड़ी इंजीनियरिंग कॉलेज के दो प्रशिक्षण केंद्रों, खंड विकास कार्यालय पौड़ी, प्रशिक्षण प्रसार केंद्र पौड़ी तथा नगर पालिका पौड़ी सभागार में आयोजित इन कार्यक्रमों में लगभग 250 प्रगणक और सुपरवाइजर शामिल हुए।

नायब तहसीलदार जबर सिंह असवाल ने बताया कि यह प्रशिक्षण जनगणना 2027 के तहत एचएलओएफ (आवास सूचीकरण एवं मूलभूत सुविधाएं) के अंतर्गत किया जा रहा है। इसके तहत प्रत्येक भवन, उसकी आवासीय स्थिति और उसमें उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल, शौचालय, बिजली आदि का विस्तृत डेटा एकत्र किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य को सफल बनाने के लिए कार्मिकों को बारीकी से प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि सर्वेक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो।
नगर पालिका पौड़ी सभागार में शहरी क्षेत्रों के सर्वेक्षण से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया, जबकि घुड़दौड़ी इंजीनियरिंग कॉलेज, खंड विकास कार्यालय और प्रशिक्षण प्रसार केंद्र में ग्रामीण क्षेत्रों की गणना प्रक्रिया समझाई गई। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करने, डिजिटल माध्यमों का उपयोग करने और निर्धारित प्रपत्रों को सही तरीके से भरने के तरीके सिखाए गए।
इस अवसर पर मतगणना प्रशिक्षक प्रदीप बिष्ट, ज्योति मोहन, अमित गौड़, कमलेश जोशी, शिव सिंह, दिनेश बेलवाल और मुकेश रावत सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
